फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारत की आध्यात्मिक शक्ति की प्रतिष्ठा है रामलला की प्राण प्रतिष्ठा : राजनाथ

Wed, 31 Dec 2025 11:03 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या
विज्ञापन
35-अंगदटीला पर आयोजित कार्यक्रम में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का स्वागत करते मुख्यमँत्री योगी आदि
विज्ञापन
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में प्रभु रामलला के विराजमान होने के प्रतिष्ठा द्वादशी समारोह के द्वितीय वार्षिकोत्सव में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अंगद टीला परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि अयोध्या में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा भारत की आध्यात्मिक शक्ति की प्राण प्रतिष्ठा है। हम सभी पिछले अनेक पीढ़ियों की तुलना में अत्यंत सौभाग्यशाली हैं कि हमने वह क्षण अपनी आंखों से देखा।
विज्ञापन

इससे पहले उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। संबोधन के दौरान रक्षामंत्री भावुक भी हो गए, अपने मनोभावों को व्यक्त करते हुए कहा कि नाथ आजु मैं कहा न पावा..। ऐसा लग रहा है कि जीवन में मैं जो पाना चाहता था, वह सब कुछ मुझे मिल गया। प्रभु श्रीराम अपनी कीर्ति से आज केवल भारतवर्ष ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व को विभूषित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या की हर गली-हर चौराहा राममय हो गया हो। राजनाथ सिंह ने कहा कि यह वही अयोध्या है, वही भूमि है, जो वर्षों तक रक्तरंजित रही, जिसने अपने राम के लिए, अपने राजा के लिए, अपने आराध्य के लिए, असहनीय प्रतीक्षा की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कहते हैं कि आज इस देश में जो कुछ भी हो रहा है, और आने वाले कुछ वर्षों में इस देश में जो कुछ भी होगा, वह भविष्य के हजार वर्षों की नींव रखेगा। भगवान रामलला के मंदिर का, चाहे स्थापत्य हो, या फिर इसकी भावना, उसी कथन को चरितार्थ कर रहा है। कार्यक्रम का संचालन गोपाल राव ने किया। राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी महंत दिनेंद्र दास, डॉ. अनिल मिश्र, जगद्गुरु विश्व प्रसन्न तीर्थ, निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने रक्षा मंत्री का अभिनंदन किया।
विज्ञापन

मंच पर महंत कमल नयन दास, जगद्गुरु रामदिनेशाचार्य, जगद्गुरु श्रीधराचार्य, महंत रामशरण दास, महंत डॉ़ भरत दास, महंत वैदेही बल्लभ शरण, जैन मंदिर के पीठाधीश रवींद्रकीर्ति स्वामी, अधिकारी राजकुमार दास, महंत राम दास, महंत गौरी शंकर दास, गुरुद्वारा ब्रह्मकुंड के मुख्य ग्रंथी ज्ञानी गुरुजीत सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।
इनसेट

राम मंदिर आंदोलन, दुनिया का सबसे ग्रैंड नैरेटिव है
रक्षा मंत्री ने कहा कि मंदिर निर्माण का आंदोलन भी ऐसा ही एक आंदोलन रहा है, जिसने न केवल इतिहास को झकझोरा, बल्कि वर्तमान को दिशा दी और भविष्य की नींव रखी। यह संघर्ष पांच शताब्दियों से अधिक समय तक चला हुआ धैर्य, तपस्या और आस्था का संघर्ष था। उन्होंने 90 के दशक को याद करते हुए कहा कि हम सबने भगवान राम के मंदिर के लिए चले उस आंदोलन को अपनी आंखों से देखा है। आंदोलन को दुनिया का सबसे ग्रैंड नैरेटिव बताते हुए कहा कि यह आंदोलन भूगोल और समय दोनों के हिसाब से अद्वितीय है। उन्होंने कहा कि भारत से लेकर पाकिस्तान, श्रीलंका, इंडोनेशिया, वियतनाम और थाईलैंड जैसे अनेकों देश जहां हिंदुओं के अलावा अन्य समुदायों के लोग भी प्रभु राम से खुद को जुड़ा हुआ मानते हैं, यह उन सब राम को मानने वालों का आंदोलन था।
इनसेट
राम मंदिर हिंदुस्तान के सम्मान का मंदिर है: चंपत
राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कार्यक्रम में मौजूद रक्षा मंत्री सहित श्रद्धालुओं को मंदिर निर्माण की पूरी जानकारी से अवगत कराया। उन्होंने मंदिर की तकनीकी व भव्यता के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज ने 500 वर्षों तक मंदिर निर्माण के लिए संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर हिंदुस्तान के सम्मान का मंदिर है। इस स्थान पर मंदिर था विदेशी आक्रांताओं ने तोड़ा, उस अपमान का परिमार्जन मंदिर निर्माण के रूप में हुआ। उस मंदिर पर आज सनातन संस्कृति की ध्वजा लहरा रही है।

35-अंगदटीला पर आयोजित कार्यक्रम में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का स्वागत करते मुख्यमँत्री योगी आदि

35-अंगदटीला पर आयोजित कार्यक्रम में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का स्वागत करते मुख्यमँत्री योगी आदि

35-अंगदटीला पर आयोजित कार्यक्रम में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का स्वागत करते मुख्यमँत्री योगी आदि

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें