01-मंडलायुक्त कार्यालय में खिलाड़ियों को सम्मानित करते मंडलायुक्त राजेश कुमार।-संवाद
अयोध्या। महाराष्ट्र के पुणे में 27 से 31 जनवरी तक आयोजित नेशनल मास्टर्स गेम्स शूटिंग प्रतियोगिता में अयोध्या के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में देशभर से लगभग 600 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इसमें जिले से तीन खिलाड़ियों ने पदक जीतकर सफलता हासिल की। अयोध्या के करुणाकर दुबे, राजेंद्र गुप्ता व अमित श्रीवास्तव ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए गोल्ड और सिल्वर पदक अर्जित किए। इन खिलाड़ियों की उपलब्धि के चलते जिले को कुल तीन पदक प्राप्त हुए। खिलाड़ियों की इस सफलता पर मंडलायुक्त राजेश कुमार ने मंगलवार को सभी विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। मंडलायुक्त ने विश्वास जाता कि आने वाले समय में अयोध्या के खिलाड़ी ओलंपिक जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी देश का प्रतिनिधित्व करेंगे और भारत का नाम रोशन करेंगे। अंत में मंडलायुक्त ने सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान कोच शनि वर्मा मौजूद रहे।