अयोध्या। रामनगरी में आस्था की एक विशाल परिक्रमा की तैयारी अंतिम दौर में है। 30 अक्तूबर की सुबह से आरंभ होने जा रही 14 कोसी परिक्रमा इस बार श्रद्धालुओं की परीक्षा भी लेगी, क्योंकि मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य अब तक पूरा नहीं हो सका है। जगह-जगह खोदाई से बने गड्ढे, गिट्टी और कीचड़ से भरे रास्ते और अधूरे पड़े मोड़ श्रद्धालुओं के कदमों को थामने की कोशिश करेंगे।
प्रशासन के अनुमान के मुताबिक 14 कोसी परिक्रमा में 20 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के उमड़ने की संभावना है। कार्तिक परिक्रमा मेला शुरू होने में अब केवल चार दिन बाकी हैं, लेकिन तैयारियां आधी-अधूरी हैं। 14 कोसी परिक्रमा के साथ ही मेले का शुभारंभ हो जाएगा। 14 कोसी व पंचकोसी परिक्रमा पथ के चौड़ीकरण का काम अभी तक पूरा नहीं हो सका है। ऐसे में कार्तिक मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की परीक्षा होनी तय है। 14 कोसी परिक्रमा पथ पर कई हिस्सों में अभी भी गिट्टियां बिखरी पड़ी हैं। सड़क अधूरी है। साथ ही कई स्थानों पर डिवाइडर व डक्ट बनाने का काम भी अधूरा पड़ा है। इसके चलते परिक्रमार्थियों को परेशानी झेलनी पड़ेगी।
14 कोसी परिक्रमा मार्ग पर दिन-रात हो रहे कार्यों के बीच प्रशासनिक अमला सुरक्षा और सुगमता के प्रबंध में जुटा है। नगर निगम और लोक निर्माण विभाग की टीमें सफाई और लेवलिंग के कार्याें में लगी हैं। श्रद्धालुओं के लिए अस्थायी प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, विश्रामालय, प्राथमिक चिकित्सा केंद्र स्थापित करने की तैयारी हो रही है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सत्यपाल सिंह ने बताया कि परिक्रमा सुचारु रूप से संचालित करने की तैयारी चल रही है। जहां डक्ट व गड्ढे खुले हैं उन्हें ढका जाएगा। बैरीकेडिंग की जाएगी। जहां सड़क नहीं बनी है, वहीं सड़क बन रही है। जिधर रास्ते ठीक हैं, उसी रास्ते से परिक्रमार्थी गुजरेंगे, श्रद्धालुओं को असुविधा न हो, इसका पूरा ख्याल रखा जा रहा है।
कहीं सड़क बनीं तो कहीं बिखरी पड़ी हैं गिट्टियां
परिक्रमा पथ पर साकेत सदन, निर्मली कुंड, चक्रतीर्थ के पास एक लेन पर सड़क का निर्माण हो गया है तो एक लेन पर गिट्टियां बिखरी पड़ी हैं। कुछ जगहों पर धूल उड़ रही है। परिक्रमा के मोड़ वाले स्थानों पर भी अभी काम चल रहे हैं। गुप्तारघाट मोड़ के पास सड़क उखड़ी है। परिक्रमा पथ पर कई जगह मेनहोल के उभरे ढक्कन श्रद्धालुओं को चोटिल करने के लिए तैयार हैं। साकेत सदन के पास सड़क खोदकर छोड़ दी गई है। चार दिन के भीतर यह चलने लायक हो जाएगी यह कहना मुश्किल है।
निर्माणाधीन डक्ट व खुले गड्ढे बनेंगे समस्या
परिक्रमा पथ पर कई स्थानों पर अभी डक्ट व नाली निर्माण का काम चल रहा है। प्रहलाद घाट के पास डक्ट निर्माण का कार्य आधा अधूरा पड़ा है। इसके लिए खोदे गए गड्ढे भी भरे नहीं गए हैं। चक्रतीर्थ के पास आधी सड़क बनाकर छोड़ दी गई है, कई स्थानों पर गड्ढे हैं। डक्ट का काम भी अधूरा पड़ा है। इसी तरह जनौरा के पास भी डक्ट व नाली निर्माण का काम अभी पूरा नहीं हो सका है। ऐसे में परिक्रमार्थियों के लिए यहां समस्या होने वाली है।
परिक्रमा का मुहूर्त
-14 कोसी परिक्रमा- 30 अक्तूबर की सुबह 4:50 बजे से शुरू होगी। 31 अक्तूबर की सुबह 4:41 बजे समाप्त होगी।
- पंचकोसी परिक्रमा- एक नवंबर की सुबह 04:02 बजे से आरंभ होकर दो नवंबर की सुबह 2:57 बजे समाप्त होगी।
16-परिक्रमा पथ पर उभरे मेन होल के ढ़क्कन।-संवाद
16-परिक्रमा पथ पर उभरे मेन होल के ढ़क्कन।-संवाद
16-परिक्रमा पथ पर उभरे मेन होल के ढ़क्कन।-संवाद
16-परिक्रमा पथ पर उभरे मेन होल के ढ़क्कन।-संवाद
16-परिक्रमा पथ पर उभरे मेन होल के ढ़क्कन।-संवाद
16-परिक्रमा पथ पर उभरे मेन होल के ढ़क्कन।-संवाद
16-परिक्रमा पथ पर उभरे मेन होल के ढ़क्कन।-संवाद