साड़ी की खरीदारी करतीं महिलाएं।
अयोध्या। देवोत्थानी एकादशी के साथ 20 नवंबर से शुरू हो रहे सहालग को लेकर शहर के कपड़ा बाजारों में रौनक बढ़ गई है। चौक, नाका और रिकाबगंज के बाजारों में शादी वाले परिवार खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। दूल्हा-दुल्हन के परिधानों के साथ रिश्तेदारों, बच्चों और बुजुर्गों के कपड़ों की भी मांग बढ़ी है। डिजाइनर साड़ियों, शेरवानी और पार्टी वियर कपड़ों की खरीदारी जोर पकड़ रही है।
बाजार में सामान्य साड़ियां 1200 से 2500 रुपये, डिजाइनर साड़ियां 2500 से 4000 रुपये और प्रीमियम सिल्क की साड़ियां 5000 से 8000 रुपये तक में उपलब्ध हैं। शेरवानी की कीमत 4000 से 15000 रुपये और डिजाइनर सूट 3000 से 8000 रुपये तक हैं। युवाओं के कुर्ता-पायजामा 1000 से 3000 रुपये, शर्ट-पैंट 1500 से 4500 रुपये और बच्चों के शादी के कपड़े 1000 से 2500 रुपये तक में मिल रहे हैं। बुजुर्गों के लिए कुर्ता-पायजामा, सदरी और सूट भी खरीदे जा रहे हैं। कारोबारियों के मुताबिक, पिछले साल की तुलना में कपड़ों की कीमतों में करीब तीन प्रतिशत तक इजाफा हुआ है।
चौक के कारोबारी आशुतोष अग्रवाल ने बताया कि शादी वाले परिवार एक साथ कई लोगों के कपड़े खरीद रहे हैं। महिलाओं में बनारसी, सिल्क, जॉर्जेट और कढ़ाई वाली साड़ियों की मांग है। पुरुषों के लिए शेरवानी, सूट और डिजाइनर कुर्ते पसंद किए जा रहे हैं। नाका के दुकानदार निलेश कुमार ने बताया कि युवा शादी और अन्य समारोहों के लिए इंडो-वेस्टर्न कुर्ते, डिजाइनर शर्ट और ट्राउजर खरीद रहे हैं। बच्चों के कपड़ों की भी अच्छी मांग है। दुकानों पर रोजाना करीब 20 से 25 हजार रुपये का कारोबार हो रहा है।