पटरंगा। क्षेत्र के मखदूमपुर में सोमवार शाम लगभग चार बजे सेल्फी लेते समय शारदा सहायक डबल नहर में गिरकर किशोर की मौत हो गई। स्थानीय पुलिस को सूचना दिए बगैर परिजन शव लेकर बाराबंकी स्थित गांव चले गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार बाराबंकी के दरियाबाद के अलियाबाद निवासी फैजल (16) अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ सोमवार शाम डबल नहर के पास आए थे। चारों लोग नहर के पुल से सेल्फी लेने के लिए कूदे।
तीन अन्य लोग तो सकुशल बाहर आ गए, लेकिन फैजल उठ न सका। सभी लोग वापस नहर में गए और फैजल को निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। साथियों ने फैजल के परिजनों को सूचित किया तो वे लोग पहुंचे और शव लेकर पैतृक गांव चले गए। वहां ग्राम प्रधान की मौजूदगी में पंचनामा करके अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया।
सूत्रों के अनुसार नहर में कूदने के बाद सिर में पत्थर लगने से किशोर की मौत हो गई है। पटरंगा थाना प्रभारी शशिकांत यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है, लेकिन परिजन शव लेकर घर गए। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।