अयोध्या। पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के लिए शहर में कौशलपुरी कॉलोनी से डोर टू डोर सर्वे की शुरुआत होगी। केंद्र सरकार की इस योजना में नगर निगम, नेडा का मददगार बनेगा। नगर निगम के कर विभाग के अफसरों व कर्मचारियों की ओर से कॉलोनी के सभी निवासियों को इस योजना से जुड़ने के लिए व्हाट्सएप संदेश भी भेजे जाएंगे।
अपर नगर आयुक्त शशि भूषण राय की अध्यक्षता में मंगलवार को नगर निगम और नेडा के अधिकारियों की संयुक्त बैठक हुई। योजना के आवासीय क्षेत्र के लक्ष्य को हासिल करने के लिए मॉडल सर्वे कराने का निर्णय किया गया। इसके लिए सबसे पहले शहर की सबसे बड़ी कॉलोनी में शुमार कौशलपुरी का चयन किया गया। इस कॉलोनी में नेडा और नगर निगम के कर्मियों की टीम घर-घर जाकर यहां रहने वालों से संपर्क कर उन्हें इस योजना के बारे में जानकारी देते हुए सोलर पैनल लगाने के लिए प्रेरित करेगी।
नेडा के परियोजना अधिकारी प्रवीण नाथ पांडेय ने बताया कि आवासीय भवनों में एक किलोवॉट क्षमता के सोलर पैनल लगाने पर 65 हजार खर्च आएगा। इसके लिए भारत सरकार 30 और राज्य सरकार 15 हजार रुपये सब्सिडी देगी। दो किलोवाॅट पर 1.30 लाख खर्च आएगा। इसमें केंद्र का 60 और राज्य सरकार की 30 हजार रुपये सब्सिडी होगी।
इसी तरह तीन किलोवाॅट पर 1.80 लाख की लागत आएगी। इसमें केंद्र 78 और राज्य सरकार 30 हजार की सब्सिडी देगी। बैठक में अपर नगर आयुक्त वागीश शुक्ल, आरपी सिंह, जितेंद्र द्विवेदी, देवर्षि डे और संजय वर्मा मौजूद रहे।