फाइनल मैच में जीत के लिए संघर्ष करते खिलाड़ी।
मिल्कीपुर। पूर्व विधायक स्व. पंडित हरिनाथ तिवारी की स्मृति में कुचेरा बाजार में आयोजित अंतरजनपदीय डे-नाइट वॉलीबॉल प्रतियोगिता के 45वें संस्करण के देर रात खेले गए फाइनल मुकाबले में एसएसबी हलियापुर की टीम ने प्रतिद्वंद्वी टिकरा बाराबंकी की टीम को 2-0 से पराजित कर ट्राॅफी अपने नाम की।
प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल आजमगढ़ और टिकरा बाराबंकी के बीच खेला गया। इसमें टिकरा बाराबंकी की टीम ने 2-1 के अंतराल से जीत दर्ज करते हुए फाइनल मुकाबले में प्रवेश किया। दूसरा सेमीफाइनल एसएसबी हलियापुर व गणेश सिंह महाविद्यालय के बीच खेला गया। इसमें एसएसबी हलियापुर की टीम ने 2-0 के अंतराल से जीत दर्जकर फाइनल में प्रवेश किया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला देर रात करीब 1:30 बजे टिकरा बाराबंकी व एसएसबी हलियापुर के बीच खेला गया। एसएसबी हलियापुर की टीम ने टिकरा बाराबंकी को 2-0 से पराजित कर ट्राॅफी पर कब्जा कर लिया। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता व उपविजेता टीम को नकद पुरस्कार व ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका अंतरराष्ट्रीय रेफरी उपेंद्र प्रताप सिंह, राष्ट्रीय रेफरी राम शिरोमणि सिंह, अंकित प्रताप सिंह, अनूप कुमार और पंकज द्विवेदी ने निभाई। इस मौके पर आयोजन समिति के अध्यक्ष विनय तिवरी, सचिव मोहम्मद वसीम खान, अनिल दुबे, डाक्टर विजय तिवारी , अजय तिवारी, उदय राज यादव, रामनाथ कौशल, प्रशांत यादव सहित अन्य मौजूद रहे।