-डाभासेमर स्टेडियम में मंगलवार को एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, बैडमिंटन व साइकिलिंग की होंगी स्पर्धाएं
अयोध्या। जिला स्तरीय जूनियर बालक-बालिका खेल प्रतियोगिता का आयोजन मंगलवार से डाभासेमर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा संकुल में किया जाएगा। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों और खेल संस्थानों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी अनिमेष सक्सेना ने बताया कि प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और साइकिलिंग की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं में जिले के विभिन्न ब्लॉकों और स्कूलों से बड़ी संख्या में जूनियर वर्ग के खिलाड़ी भाग लेंगे। खिलाड़ियों के लिए मैदान, ट्रैक और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करना और उन्हें आगे राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। प्रतियोगिता के दौरान सभी खेलों के लिए तकनीकी अधिकारियों और निर्णायकों की भी नियुक्ति की गई है, ताकि प्रतियोगिताएं निष्पक्ष और सुचारु रूप से संपन्न हो सकें।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता के अंत में विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। (संवाद)