अयोध्या। रामलला के धाम में प्रस्तावित ध्वजारोहण समारोह अब कुछ ही दिनों की दूरी पर है। इस ऐतिहासिक क्षण को भव्यता और अनुशासन के साथ संपन्न कराने के लिए तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। रविवार को आला अधिकारियों और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के बीच विस्तृत समीक्षा बैठक हुई। इसमें समारोह की रूपरेखा, सुरक्षा, अतिथि प्रबंधन और वैदिक अनुष्ठानों की व्यवस्था पर गहन चर्चा की गई।
अधिकारियों ने मंदिर परिसर और आस-पास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में निर्णय लिया गया कि ध्वजारोहण समारोह के दिन आने वाले अतिथियों, संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं के लिए विशेष मार्ग और प्रवेश द्वार निर्धारित किए जाएंगे। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पूरे क्षेत्र को तीन परिधियों में बांटकर निगरानी व्यवस्था की जा रही है। हर व्यवस्था को सूक्ष्म स्तर तक देखा जा रहा है ताकि कोई भी श्रद्धालु असुविधा महसूस न करे। बैठक में राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी डॉ़ अनिल मिश्र, मंडलायुक्त राजेश कुमार, डीएम निखिल टीकाराम फुंडे, आईजी प्रवीण कुमार, एसएसपी डॉ़ गौरव ग्रोवर, एसपी सुरक्षा बलरामाचारी दुबे, नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।