अयोध्या। सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी अयोध्या की पांचों सीटें जीतेगी। पवन पांडेय समेत सभी प्रत्याशियों को भगवान राम का आशीर्वाद मिलेगा।
हलकारा का पुरवा में दंगल कार्यक्रम में पहुंचे शिवपाल ने कहा कि अखिलेश यादव 12 दिसंबर को रामलला के दर्शन करेंगे। वह भी दर्शन करेंगे।उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर अयोध्या के जमीन घोटालों और मंदिर के चंदे की चोरी की जांच कराई जाएगी। गठबंधन कायम रहेगा और सीटों पर विचार-विमर्श चल रहा है। ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के गठबंधन का कोई असर नहीं होगा।
आजम खान को सम्मान के अनुरूप पद दिया जाएगा। कहा, सपा सरकार बनने पर पहलवानों, कलाकारों, कवियों और साहित्यकारों को यश भारती सम्मान दिया जाएगा। खिलाड़ियों को उपलब्धियों के अनुरूप नौकरी और गांवों में स्टेडियम बनवाए जाएंगे। उन्होंने भाजपा पर किसानों, व्यापारियों और मध्यमवर्ग की अनदेखी, धान खरीद में लापरवाही और खाद की किल्लत का आरोप लगाया। ब्यूरो