सपा के धरना में मौजूद रहे बड़े पदाधिकारी।
गोसाईगंज। महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक समेत कई मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी ने बरदही बाजार में धरना दिया। अंबेडकरनगर सांसद लालजी वर्मा ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर हल्ला बोला। कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है और पूर्व सीएम अखिलेश की ओर आशा भरी नजरों से देख रही है।
अंबेडकरनगर सांसद लालजी वर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार चुनाव से पहले आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ाती है। बाद में कीमतें घटाकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास करती है। उन्होंने युवाओं को रोजगार न मिलने और केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का भी मुद्दा उठाया। धरना प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार घनश्याम शुक्ला को सौंपा। बढ़ती महंगाई, पेपर लीक, रसोई गैस सिलिंडर, पेट्रोल-डीजल, खाद-बीज की किल्लत, 84 कोसी मार्ग एवं बाइपास रोड निर्माण से जुड़ी समस्याएं, जलभराव और गड्ढों की समस्या, पेयजल संकट, पीडीए आरक्षण घोटाला सहित अन्य मुद्दों का उल्लेख किया गया।
धरना की अध्यक्षता सियाराम निषाद ने की। संचालन मोहम्मद वैस अंसारी ने किया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक जयशंकर पांडेय, सपा जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे। रामसागर वर्मा, हनुमान सोनी, राजेश पटेल और अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।