महंत से आशीर्वाद लेते सुभाष मलिक।
अयोध्या। दिल्ली में होने वाली अयोध्या की रामलीला के आठवें संस्करण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। रामलीला के निर्देशक सुभाष मलिक बृहस्पतिवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने हनुमानगढ़ी में हनुमंतलला का दर्शन-पूजन कर रामलीला के सफल आयोजन की कामना की। इस दौरान हनुमानगढ़ी के गद्दीनशीन महंत प्रेमदास से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद भी लिया।
सुभाष मलिक ने बताया कि रामलीला के प्रत्येक संस्करण के शुभारंभ से पहले अयोध्या आकर भगवान श्रीराम और हनुमान जी का दर्शन-पूजन करना उनकी परंपरा रही है। आयोजन से पहले संत-महात्माओं का आशीर्वाद लेकर रामलीला की सफलता की कामना की जाती है।
उन्होंने कहा कि अयोध्या भगवान श्रीराम की जीवनगाथा और रामकथा की मूल भूमि है। यहां से मिलने वाली प्रेरणा और संतों का आशीर्वाद रामलीला के आयोजन में विशेष महत्व रखता है। उन्होंने बताया कि दिल्ली में होने वाले रामलीला के आठवें संस्करण की तैयारियां चल रही हैं। इसमें सांसद रवि किशन और मनोज तिवारी समेत करीब 30 फिल्मी कलाकार विभिन्न भूमिकाओं में नजर आएंगे।