अयोध्या। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा है कि मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में भाजपा की जीत कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भाजपा की जीत के बावजूद मिल्कीपुर क्षेत्र में राजनीतिक से कहीं अधिक बड़ी सामाजिक चुनौती है। सांस्कृतिक दृष्टि से पूरे ग्रामीण क्षेत्र को साम्यवादियों के प्रभाव से मुक्त कर राममय बनाने के लिए अभी और काम करने की आवश्यकता है। जाति की खांई को समाप्त करने व रामराज की व्यवस्था लागू होने तक हम चैन से नहीं बैठेंगे।
महापौर सर्किट हाउस में आयोजित कार्यकर्ता सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिंह ने लोकसभा चुनाव परिणाम की चर्चा करते हुए कहा कि विजय पर जनप्रतिनिधि कार्यकर्ता के त्याग को नहीं समझते हैं, लेकिन कार्यकर्ता को पराजय का अभिशाप कदम-कदम पर भुगतना पड़ता है।
विधायक मिल्कीपुर चंद्रभान पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सपनों के अनुरूप राष्ट्र निर्माण में हम हर संभव योगदान देने को तत्पर हैं। मिल्कीपुर का विकास, कार्यकर्ताओं का मान-सम्मान हमारी प्राथमिकता होगी।
इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष कमला शंकर पांडेय, ओमप्रकाश सिंह, राधिका प्रसाद पांडेय, इंद्रभान सिंह, सुनील शास्त्री, रवि तिवारी, अभिनव पांडेय, विकास, सौरभ सिंह रघुवंशी, सूफियान, रमाशंकर निषाद, शिव कुमार, महेंद्र चौरसिया, अजय पांडेय, रामशंकर, सूर्या तिवारी, सौरभ सिंह, अजय आजाद, बबलू मिश्र व विजय पांडेय मौजूद रहे।