पूजन के दौरान शामिज राज्यपाल आनंदीबेन पटेल।-संवाद
अयोध्या। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल शनिवार को अयोध्या पहुंचीं। बड़ी छावनी की बगिया में श्रीरामकथा महोत्सव में कहा कि लाखों करोड़ों लोग पूजा-अर्चना और साधना के लिए अयोध्या आ रहे हैं। आसपास के बच्चे नंगे घूमते रहेंगे तो क्या अच्छा लगेगा। छोटे बच्चे हमारे लिए रामलला ही हैं। उनके लिए कुछ नहीं कर पा रहे हैं। इसीलिए सोचा है कि अयोध्या के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का कायाकल्प कराया जाएगा। जहां बच्चों के खेलने, पढ़ने, लिखने के साथ भोजन के लिए सब कुछ उपलब्ध कराएंगे। यह हमारी मुहिम होगी।
राज्यपाल ने कहा कि आगामी 25 साल में जब आजादी के 100 साल पूरे होंगे तो देश को कौन आगे बढ़ाएगा? किसके कंधे पर जिम्मेदारी आने वाली है? कौन विकसित भारत बनाएगा? वही... जो आज स्कूलों में पढ़ रहे हैं। वही भारत को विकसित बनाने वाले हैं।
रामकथा महोत्सव में गुजरात के प्रख्यात कथावाचक रमेश भाई ओझा रामकथा की सुधावृष्टि कर रहे हैं। उन्होंने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का अभिनंदन किया। राज्यपाल ने रामलला व हनुमंतलला के दरबार में भी हाजिरी लगाई। इससे पहले एयरपोर्ट पहुंचने पर उनकी अगवानी डीएम नितीश कुमार व एसएसपी राजकरन नैय्यर ने की।