अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावा एवं गणना प्रक्रिया में अनियमितताओं की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) लगातार छठवें दिन भी अयोध्या नहीं पहुंची। बीते शनिवार को प्रारंभिक जांच पूरी करने के बाद टीम अपनी रिपोर्ट लेकर लखनऊ लौट गई थी। उसी प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर बृहस्पतिवार को रामजन्मभूमि थाना में आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
एफआईआर दर्ज होने के बाद यह उम्मीद जताई जा रही थी कि एसआईटी दोबारा अयोध्या पहुंचकर मामले की विस्तृत जांच आगे बढ़ाएगी। हालांकि शुक्रवार तक टीम के न आने से जांच की अगली कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पहले की तरह कड़ी बनी हुई है और दान गणना से जुड़ी व्यवस्थाओं पर भी प्रशासन की विशेष नजर है।
सूत्रों के अनुसार, एसआईटी अपनी प्रारंभिक जांच के आधार पर दर्ज मुकदमे के बाद अब संबंधित दस्तावेजों, डिजिटल रिकॉर्ड और कर्मचारियों से जुड़े अन्य साक्ष्यों का परीक्षण कर रही है। आवश्यकता पड़ने पर टीम दोबारा अयोध्या आकर आरोपितों एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ कर सकती है।
अब सभी की निगाहें एसआईटी की अंतिम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिसके आधार पर आगे की कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई तय होगी।