27-बीकापुर कोतवाली में आयोजित समाधान दिवस में शिकायत सुनते एसडीम न्यायिक।-संवाद
अयोध्या। जिले के सभी पुलिस थानों पर शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन हुआ। सभी जगहों पर राजस्व संबंधी अधिकांश शिकायतें आईं। इनमें ज्यादातर मामलों का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। मौजूद अधिकारियों ने टीम बनाकर निर्धारित समयावधि में शिकायतों का निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
तारुन प्रतिनिधि के अनुसार बरांव निवासी आशा मिश्रा ने बताया कि वह परिवार के साथ दिल्ली में रहती हैं। उनकी गैर मौजूदगी में विपक्षी ने उनके मकान के सामने ईंट की दीवार बनाकर कब्जा कर लिया है। जब वह लौटीं तो मामले की जानकारी हुई। विपक्षी की उनके मकान के आसपास कोई जमीन नहीं है। सहन भूमि का रास्ता अवरुद्ध होने से उनका घर से निकलना दुश्वार हो गया है। समाधान दिवस में तहसील से कोई जिम्मेदार अधिकारी व राजस्वकर्मी न पहुंचने से फरियादी मायूस हुए। इस दौरान चार शिकायतें आईं, जिनमें पुलिस संबंधी एक मामले का निस्तारण हुआ। मिल्कीपुर प्रतिनिधि के अनुसार थाना इनायतनगर में एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी ने एसडीएम मिल्कीपुर सुधीर कुमार व सीओ श्रीयश त्रिपाठी के साथ सुनवाई की। यहां 11 शिकायतें आईं। घुरेहटा के विमलेश प्रताप ने बताया कि निर्माणाधीन सड़क की चौड़ाई में विसंगति की शिकायत की। एसडीएम ने जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। शेखनपुर के आशीष पाठक ने बताया कि खजुरी मिर्जापुर में उन्होंने जमीन का बैनामा लिया है। इसी से सटी बंजर, आबादी व डहर की भूमि को लेकर विवाद की स्थिति है। पैमाइश कराकर सरकारी भूमि व बैनामा भूमि को अलग करने की मांग की।
थाना कुमारगंज में प्रभारी तहसीलदार रंजन वर्मा और थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने सुनवाई की। यहां चार शिकायतें आईं, जिनमें किसी का निस्तारण नहीं हो सका। थाना खंडासा में थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार के समक्ष सात शिकायत आई, जिनमें एक का निस्तारण हुआ। बीकापुर प्रतिनिधि के अनुसार एसडीएम न्यायिक गजेंद्र सिंह के समक्ष 18 शिकायतें आईं। इनमें 11 मामले राजस्व से सबंधित थी और सात शिकायतें पुलिस की थीं। इनमें किसी का निस्तारण नहीं हो सका।