इनायतनगर में एसपी ग्रामीण ने सुनी शिकायतें।
मिल्कीपुर/तारुन। जिले के पुलिस थानों में शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इनायतनगर थाने में सुनवाई कर रहे सीओ पीयूष के सामने पहुंचे पाराब्रह्मनान पूरे बनखोदवा के दान बहादुर ने बताया कि साहब साहब! विपक्षियों ने बिजली केबल काट दिया। विरोध पर गालियां दीं। सीओ ने तत्काल एसडीओ से वार्ता कर प्रकरण के निस्तारण का निर्देश दिया।
दसौली रगड़गंज की पार्वती ने बताया कि वर्षों पुराना रास्ता विपक्षी अलगू ने अतिक्रमण कर रखा है, जिससे आवागमन में समस्या है। मामले में एसडीएम सुधीर कुमार ने राजस्व निरीक्षक को मामले की जांचकर निस्तारित कराने का निर्देश दिया। इनायतनगर में कुल 30 में चार शिकायतें निस्तारित की गईं। यहां कुछ समय बाद एसडीएम थाना खंडासा सुनवाई करने चले गए तो पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बलवंत चौधरी ने भी कुछ मामलों की सुनवाई की। मिल्कीपुर सर्किल के इनायतनगर, खंडासा व कुमारगंज में 59 लोगों ने अपनी शिकायतें प्रस्तुत की। जिनमें महज 05 शिकायतों का ही निस्तारण मौके पर हो सका। थाना कुमारगंज में नायब तहसीलदार रंजन वर्मा, खंडासा में एसडीएम मिल्कीपुर व थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सोनकर के साथ सुनवाई की।
तारुन प्रतिनिधि के मुताबिक 19 शिकायतों में महज एक का ही मौके पर निस्तारण हो सका। सीओ बीकापुर सुनील कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र पांडेय और नायब तहसीलदार रामखेलावन ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। दो प्रकरणों में जांच एवं कार्रवाई के लिए तत्काल टीम रवाना की गई। शेष 16 प्रकरण राजस्व विभाग से संबंधित होने के कारण संबंधित विभाग को अग्रसारित कर दिए गए।
समाधान में नहीं पहुंचे राजस्वकर्मी
जानाबाजार/हैदरगंज। तहसीलदार बीकापुर की अध्यक्षता में हैदरगंज थाने में हुए समाधान दिवस में कोई भी राजस्व कर्मी नहीं पहुंचा। जबकि 29 शिकायतों में 25 राजस्व के ही मामले थे। तहसीलदार दिनेश कुमार सिंह ने समस्याओं के निस्तारण की कार्रवाई की। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह की पुलिस टीम इस दौरान मौजूद रही।
67 मामलों में हुआ एक का निस्तारण सोहावल प्रतिनिधि के मुताबिक थाना रौनाही में एसडीएम सविता देवी और सीओ सदर अरविंद सोनकर के सामने 10 शिकायतें दर्ज की गई जिसमें एक का ही निस्तारण हो सका। सभी मामले राजस्व विभाग से संबंधित थे। पूरा कलंदर थाने में 21 फरियादी पहुंचे लेकिन किसी की समस्या का निस्तारण नहीं हो सका। बीकापुर प्रतिनिधि के अनुसार कोतवाली परिसर में एसडीएम न्यायिक गजेंद्र की अध्यक्षता में सुनवाई को 36 मामले आए जिसमें एक भी शिकायत का निस्तारण नहीं हो सका। समाधान दिवस में नायब तहसीलदार घनश्याम शुक्ला, कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह शामिल रहे।