सदर तहसील में शिकायतें सुनते डीएम और एसएसपी।
अयोध्या। संपूर्ण समाधान दिवस पर जनपद की पांचों तहसीलों सदर, बीकापुर, सोहावल, रुदौली एवं मिल्कीपुर में कुल 750 शिकायतें पंजीकृत की गईं। महज 85 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया जा सका। इनमें सदर में प्राप्त 171 प्रकरणों में से 32, बीकापुर में 65 में 12, सोहावल में 178 में 10, रुदौली में 84 में से 11 तथा मिल्कीपुर में प्राप्त 252 शिकायतों में से 20 शिकायतों का तत्काल समाधान कराया गया। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने शेष मामलों को एक हफ्ते के अंदर समाधान कराने का निर्देश संबंधित को दिया।
मिल्कीपुर प्रतिनिधि के मुताबिक समाधान दिवस की अध्यक्षता कर रहे पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बलवंत चौधरी और एसडीएम सुधीर कुमार के समक्ष एक महिला ने फरियाद की। डीली सरैया निवासी रामा नामक महिला ने बताया कि मेरे पति दिव्यांग हैं, आंख से भी दिखाई नहीं देता। कब्जा परिवर्तन किए जाने के बाद से वह पति के नाम दर्ज भूमि पर काबिज है। लेखपाल ने गलत नाप कर उनका रकबा कम कर दिया। इतना ही नहीं बोरिंग भी विपक्षी के चक में नाप दिया। एसडीएम ने राजस्व निरीक्षक को सही पैमाइश कराने का निर्देश दिया।