24-इनायतनगर थाने में शिकायत सुनते एसडीएम व सीओ।-संवाद
अयोध्या। जिले के सभी पुलिस थानों में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन हुआ। लगभग सभी जगहों पर राजस्व संबंधी अधिकांश मामले आए, जिनके निस्तारण के लिए पुलिस और राजस्व टीम गठित की गई।
मिल्कीपुर प्रतिनिधि के अनुसार इनायतनगर में उप जिलाधिकारी मिल्कीपुर सुधीर कुमार व क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर श्रीयश त्रिपाठी ने सुनवाई की। यहां 11 लोगों ने शिकायती पत्र दिया। दोपहर 12:05 बजे इनायतनगर के दीनानाथ आए। उन्होंने कहा कि उनके जमीन की हदबरारी हो चुकी है। राजस्व निरीक्षक ने खूंटा गड़वाकर कब्जा दिलवा दिया है। इसके बावजूद विपक्षी टिनशेड लगाकर कब्जा कर रहे हैं। एसडीएम ने लेखपाल को प्रकरण का शीघ्र निस्तारण कराने का निर्देश दिया।
12:15 बजे परसवां पूरे बख्तावर गांव के रवि प्रकाश आए। उन्होंने बताया कि गांवसभा से लगे खड़ंजा मार्ग पर इंटरलाॅकिंग लगवाई जा रही है। गांव के विकास, इंद्रपाल काम नहीं करने दे रहे हैं। वहीं, थाना खंडासा में प्रभारी तहसीलदार रंजन वर्मा ने थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार के साथ सुनवाई की। यहां नौ शिकायतें आईं, जिनमें किसी का निस्तारण नहीं हो सका। कुमारगंज में थाना प्रभारी ओमप्रकाश के समक्ष पांच शिकायतें आईं।
तारुन प्रतिनिधि के अनुसार थाना प्रभारी संदीप त्रिपाठी के समक्ष छह मामले आए, जिनमें एक का निस्तारण हुआ। केशरुआ बुजुर्ग कोटवा निवासी आरती सिंह ने भूमि पर अवैध कब्जे और फर्जी मुकदमे में फंसाने का आरोप लगाया। कहा कि विपक्षी उनकी जमीन हड़पना चाहते हैं। बीकापुर प्रतिनिधि के अनुसार एसडीएम श्रेया के समक्ष 14 शिकायतें आईं, जिनमें 10 शिकायतें राजस्व संबंधी थीं। इनमें दो का हुआ। पैमाइश से संबंधित पांच मामलों में संयुक्त टीम गठित की गई। एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी ने शिकायतें सुनीं।
हैदरगंज प्रतिनिधि के अनुसार थाना समाधान दिवस में मात्र तीन शिकायतें आईं। थानाध्यक्ष विवेक राय के अलावा राजस्व निरीक्षक विजय मिश्रा, अजीत कुमार आदि मौजूद रहे।