अयोध्या। मेडिकल कॉलेज के डिजिटल एक्सरे कक्ष में बम बनाने की विधि लिखी परची मिलने के बाद कॉलेज प्रशासन ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। प्राचार्य ने एमबीबीएस, पैरामेडिकल छात्रों और प्रशिक्षुओं की गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
सीएमएस को भी अपने स्तर से निगरानी बढ़ाने को कहा गया है। शनिवार की सुबह डिजिटल एक्सरे कक्ष में परची मिलने के बाद में मेडिकल कॉलेज में हलचल मच गई थी। कॉलेज प्रशासन ने पुलिस की रिपोर्ट मिलने के बाद उत्तर प्रदेश स्टेट मेडिकल फैकल्टी को पत्र भेजने का दावा किया था।
प्राचार्य डॉ. दिनेश सिंह मार्तोलिया ने संबंधित अधिकारियों और विभागों को निर्देश दिए हैं कि छात्रों और प्रशिक्षुओं की गतिविधियों पर नजर रखी जाए। परिसर में किसी व्यक्ति की गतिविधि संदिग्ध लगने या कोई आपत्तिजनक वस्तु मिलने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना दी जाए। प्राचार्य ने बताया कि पुलिस की ओर से इस प्रकरण के संबंध में कॉलेज प्रशासन के साथ अभी तक कोई विशेष जानकारी साझा नहीं की गई है।