अयोध्या। जिला महिला अस्पताल में भर्ती मरीज के परिजन से एक यूनिट खून के लिए सात हजार रुपये लेने वाले महिला अस्पताल के सुरक्षाकर्मी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, हिरासत में लिए गए तीन अन्य आरोपियों की भूमिका तय न होने के कारण छोड़ दिया गया है।
मंगलवार को जारी प्रेसनोट में एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि 15 जून को महिला अस्पताल में भर्ती मवई के बरौली निवासी रीना को एक यूनिट खून की जरूरत थी। तीमारदार अरविंद कुमार इसके लिए जिला अस्पताल के ब्लड बैंक गया तो वहां रौनाही के नवी का पुरवा निवासी संदीप कुमार से उसकी मुलाकात हुई, जिसने सात हजार में एक यूनिट खून तय किया। बाद में आकाश रावत नामक एक युवक को बुलवाकर उसने रक्तदान करवा दिया और रुपये ले लिए। आरोपी को नगर कोतवाली पुलिस ने मंगलवार की दोपहर में गांधी पार्क के पास से गिरफ्तार किया गया है।
वहीं, पुलिस सूत्रों के अनुसार विवेचना के दौरान तीन अन्य लोगों का नाम भी सामने आया था। इसमें एक व्यक्ति ने रुपये यूपीआई के जरिये अपने बैंक खाते में लिए थे। विधिक राय के बाद अन्य तीन आरोपी निर्दोष मिले हैं। हालांकि अभी मामले की जांच का दावा किया जा रहा है।