अयोध्या। मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र की सीमा से ही मतदान को लेकर सुरक्षा घेरा सख्त रहा। अयोध्या-रायबरेली हाईवे समेत सभी प्रवेश मार्गों पर बगैर चेकिंग के वाहनों को प्रवेश नहीं मिला। वहीं बूथों पर भी अर्द्धसैनिक बलों की निगरानी में सुरक्षा व्यवस्था सख्त रही।
मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र पर हो रहे मतदान को लेकर जिले की सीमाएं मंगलवार की शाम से ही सील कर दी गई थीं। बुधवार की सुबह छह बजे से ही अंदर के वाहनों को रोककर भी चेकिंग शुरू की गई। बारुन बाजार के पास सीमा शुरू होते ही पूराकलंदर थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम वाहनों को चेकिंग करती रही। लोगों की आईडी चेक करके आगे जाने दिया गया।
बूथों के आसपास सुरक्षा घेरा सख्त रखा गया। बूथों से 200 मीटर की परिधि में वाहनों के आवागमन पर रोक रही। बूथों के पास बने मकानों की छत पर भी सुरक्षाबल तैनात रहे। पुलिस अधिकारी वाहनों के काफिले के साथ भ्रमणशील रहे। क्षेत्र में लगभग 10 बैरियर बनाए गए, जहां से वाहनों की चेकिंग होती रही। 17 क्लस्टर के सुरक्षाकर्मी जगह-जगह मुस्तैद रहे। क्यूआरटी भी सक्रिय रहीं। देर शाम मतदान समाप्त होने के बाद ईवीएम को कड़ी सुरक्षा के बीच राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में जमा कराया गया। यहां भी सीसीटीवी की निगरानी में उन्हें रखा गया। एसएसपी राजकरन नय्यर ने बताया कि पूरे क्षेत्र में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ है। किसी तरह की अराजकता सामने नहीं आई है। ईवीएम की सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं।
पाबंदियों की वजह से अयोध्या-रायबरेली रोड हाईवे पर सन्नाटा पसरा रहा। विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों व मीडियाकर्मियों के अलावा श्रद्धालुओं के वाहन ही फर्राटा भरते नजर आए। मतदान की वजह से प्रमुख बाजारों में भी बंदी रही। मतदान समाप्ति के बाद शाम तक बाजार गुलजार हुए।
सभी बूथों के भीतर मतदाताओं के मोबाइल फोन बैन रहे। मोबाइल लेकर घुसने वालों से पुलिस ने सख्ती बरती। कई जगह तो मतदाताओं से कहासुनी भी हुई। मोबाइल फोन बैन होने की वजह से कई मॉडल बूथों के बाहर बने सेल्फी प्वाइंट भी सूने नजर आए।