07-जिला अस्पताल में मरीज व तीमारदार से वार्ता करते एसडीएम अभिषेक सिंह।-संवाद
अयोध्या। जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम अभिषेक सिंह ने मंगलवार की सुबह 08:30 बजे जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ठंड की तैयारियों का जायजा लिया और सभी चिकित्सकों के समय से उपस्थित होने के निर्देश दिए।
एसडीएम अभिषेक सिंह टीम के साथ मंगलवार की सुबह 08:30 बजे जिला अस्पताल आए। इस दौरान प्रमुख अधीक्षक डॉ. राजेश सिंह मौजूद रहे। उनके साथ उन्होंने ओपीडी परिसर का सर्वप्रथम भ्रमण किया। बच्चा वार्ड में कोई चिकित्सक मौजूद नहीं मिला। इस पर उन्हें अवगत कराया गया कि अधिकांश चिकित्सक आ गए हैं, लेकिन वार्डों में राउंड ले रहे हैं। इसके बाद उन्होंने इमरजेंसी ओपीडी का निरीक्षण किया। वहां ईएमओ डॉ. आशीष पाठक और फार्मासिस्ट सर्वेश श्रीवास्तव मिले, जो मरीजों का इलाज कर रहे थे। उन्होंने मरीजों से इलाज से संबंधित फीडबैक लिया।
बाद में चिकित्सकों की उपस्थिति का सत्यापन करने वार्डों में पहुंचे, जहां अधिकांश चिकित्सक राउंड लेते मिले तो उन्होंने संतोष जताया। एसडीएम ने बताया कि कई माध्यमों से चिकित्सकों के देर से आने की सूचना मिल रही थी। इसे संज्ञान लेकर जिलाधिकारी ने निरीक्षण के लिए भेजा था। इस दौरान काफी कुछ ठीक मिला है। इसकी रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी।