फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya News: सावन मेले का आगाज, रामनगरी में छाया अद्वितीय उल्लास

Sun, 27 Jul 2025 08:31 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या
विज्ञापन
विज्ञापन
अयोध्या। सावन मास की मधुर बयार के साथ अयोध्या नगरी में झूलनोत्सव का शुभारंभ अद्वितीय आस्था और उल्लास के साथ हुआ। मणिपर्वत परिसर में लगे पारंपरिक मेले ने जैसे ही अपने द्वार खोले, भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मंदिरों में झूले सजे, ठाकुर जी की झांकियां बालरूप में विराजित हुईं और हर दिशा में भक्ति की सुगंध फैल गई। अब एक पखवाड़े तक रामनगरी में झूलनोत्सव का आनंद बिखरेगा। अयोध्या में लाखों भक्तों की भीड़ जुट गई है।
विज्ञापन

मंदिर से निकली शोभायात्राओं में नृत्य करते साधु-संत, भजन गाते श्रद्धालु और रथों पर सजे बाल स्वरूप भगवान, ये दृश्य अयोध्या की धरती को दिव्यता से भर गए। ढोल, मंजीरे, शंख और घंटियों की मधुर ध्वनि ने गली-गली को एक चलती-फिरती तपोभूमि में बदल दिया। रविवार को गाजे-बाजे व जय श्रीराम, हर-हर महादेव के जयकारों के बीच पालकियों व रथों पर सवार कर मंदिरों से भव्य यात्रा निकाली गई। यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए मणिपर्वत पहुंची। वहां झूलनोत्सव के साथ ही अयोध्या में सावन मेले का आगाज भी हो गया।
मठ-मंदिरों में सांस्कृतिक व धार्मिक कार्यक्रम शुरू हो गए हैं। कनक भवन, हनुमानगढ़ी, श्री मणिराम दास की छावनी, दिव्य शीश महल, श्रीराम बल्लभाकुंज, अशर्फी भवन, बड़ा स्थान, सियाराम किला, विअहुति भवन, जानकीघाट बड़ा स्थान, लवकुश मंदिर, तुलसी दास जी की छावनी, श्यामा सदन, हनुमत सदन, हनुमत्त निवास आदि मंदिरों से गाजे-बाजे व जय श्रीराम के नारों के बीच भगवान के विग्रह, श्रीराम-सीता, लक्ष्मण व हनुमान के मनमोहक स्वरूप की झांकियां पालकियों व रथों पर सवार कर यात्रा निकाली गई। मणिपर्वत पर पहुंच विग्रह भगवान के प्रतीक रूप को झूला विहार कराया गया।
विज्ञापन

चल विग्रहों की निकाली गई पालकी यात्रा में कनक भवन मंदिर की चांदी की पालकी में निकली यात्रा लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। मेला देर शाम तक चलता रहा। मणिपर्वत की पावन भूमि पर विग्रह भगवान के झूलनोत्सव की मनमोहक छटा का दर्शन लाभ लेने के लिए देश भर से पहुंचे श्रद्धालु भक्तों की भारी भीड़ रही। श्रावणी पूर्णिमा नौ अगस्त तक चलने वाले इस महोत्सव के तहत मंदिरों में कजरी गीतों के साथ भजन संगीत व नृत्य के कार्यक्रम भी शुरू हो गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने कहा है कि मेला क्षेत्र में 24 घंटे पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से मेला क्षेत्र को छह जोन और 29 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन में एक वरिष्ठ अधिकारी की निगरानी में पुलिस कर्मियों की टीम लगातार गश्त कर रही है। इसके अतिरिक्त, सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जा रही है। इसके लिए अतिरिक्त पुलिस बल, पीएसी, आरएएफ, एटीएस, होमगार्ड, महिला पुलिस बल सहित कई सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती की गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें