अयोध्या। नगर निगम परिसर में गोमाता न्याय सत्याग्रह का आयोजन किया गया। यह शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन नगर निगम की ओर से संचालित कान्हा गोशाला में व्याप्त अव्यवस्था, गोवंशों की असमय हो रही उनकी मृत्यु के विरुद्ध किया गया। सत्याग्रह का नेतृत्व उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष शरद शुक्ला ने किया। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने कहा कि नगर निगम अयोध्या की कान्हा गोशाला में जिस प्रकार गोवंशों को भूखा, बीमार और लाचार छोड़ दिया गया है, वह न केवल अमानवीय है, बल्कि हिंदू भावनाओं का भी अपमान है।
समाजसेवी एवं अधिवक्ता शांतनु कृष्ण सिंह ने कहा कि कान्हा गोशाला मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट्स में था, पर नगर निगम मुख्यमंत्री के ड्रीम को तोड़ने पर आमादा है। सरकार की ओर से जो धन आवंटित हो रहा है, उसके बंदरबाट की वजह से गोशालाओं की यह दुर्दशा है। समाजसेविका प्रज्ञा गुप्ता ने बताया कि एनिमल वेलफेयर बोर्ड ऑफ इंडिया ने भी इस मामले को संज्ञान लिया है और प्रदेश के विभागीय अधिकारियों समेत जिलाधिकारी अयोध्या को भी मामले की जांच करने का आदेश दिया है। सत्याग्रह के दौरान महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने नगर निगम पहुंचकर आंदोलनकारियों से बात की और उनकी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया। महापौर ने शनिवार को आंदोलनकारियों के साथ गोशाला का स्थलीय निरीक्षण करने का वादा किया।
सत्याग्रह में आयुष्मान सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता अभिषेक सावंत, शैलेंद्र तिवारी, शशि रावत, हर्ष तिवारी, सुनीता जायसवाल, सरिता मौर्या, प्रिया हेमनानी, मीना मखीजा, शशांक मौर्या, शोभित शुक्ला, अतुल यादव, आयुष पांडेय, आयुष सिंह राणा, वैभव सिंह, आशुतोष सिंह, राघवेंद्र प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।