संजय सिंह का स्वागत करते कार्यकर्ता।
अयोध्या। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने घुसपैठ, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और राम मंदिर से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मुद्दों पर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग को घेरा।
बुधवार को अयोध्या के महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह के देश में तीन करोड़ घुसपैठिये होने के बयान पर सवाल उठाया। कहा कि 12 साल से नरेंद्र मोदी और अमित शाह सत्ता में हैं, फिर अब तक कितने घुसपैठियों को देश से बाहर निकाला गया, इसका आंकड़ा सार्वजनिक किया जाए। एसआईआर को लेकर उन्होंने दावा किया कि देश में 13 करोड़ 37 लाख मतदाताओं के नाम काटे गए हैं।
आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर विपक्ष समर्थित मतदाताओं के वोट काट रहा है। राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी और जमीन खरीद में कथित घोटाले का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि 304 वीडियो मिलने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव की गिरफ्तारी की मांग की।(संवाद)