अयोध्या। मंडल कारागार के अस्पताल व प्रदेश मेडिकल सप्लाइज कॉर्पाेरेशन के ड्रग वेयर हाउस का निरीक्षण कर औषधि निरीक्षक ने 37 जीवन रक्षक दवाओं का नमूना लिया है। जांच के लिए नमूने प्रयोगशालाओं में भेजे गए हैं।
औषधि निरीक्षक सुमित वर्मा ने बताया कि वरिष्ठ जेल अधीक्षक यूपी मिश्रा ने बीते दिनों सीएमओ को पत्र लिखा था। उन्होंने जेल अस्पताल से बंदियों व कैदियों को दी जा रही दवाओं की गुणवत्ता जांचने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने की मांग की थी। सीएमओ के निर्देश पर सोमवार को ही जेल अस्पताल का निरीक्षण किया गया था। इस दौरान संदिग्ध मिलने पर 27 दवाओं का नमूना लिया गया। इनमें एंटीबायोटिक, बुखार, पेट समेत अन्य दवाएं शामिल थीं। इनमें जन औषधि केंद्र व बाजार की दवाएं शामिल हैं।
मंगलवार को आशापुर स्थित ड्रग वेयर हाउस का निरीक्षण किया गया था। यहां से बीटामेथासोन, मेट्रोनिडाजोल, नॉरफ्लाॅक्सासिन समेत 10 दवाओं के नमूने लिए गए हैं। बताया कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट के अनुसार अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।