अयोध्या। साकेत महाविद्यालय की टीम ने अंतरमहाविद्यालयीय बास्केटबॉल पुरुष प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता में कुल 12 टीमों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन अवध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिजेंद्र सिंह ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रबंध समिति के अध्यक्ष आलोक बंसल ने की। कुलपति ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि साकेत महाविद्यालय विश्वविद्यालय का आधार स्तंभ है। यहां की कार्यशैली और विश्वविद्यालय के साथ बेहतर समन्वय से संस्थान की प्रतिष्ठा मजबूत होती है।
प्रतियोगिता के दौरान विश्वविद्यालय की पुरुष बास्केटबॉल टीम के खिलाड़ियों की घोषणा भी की गई। इसमें अधिकांश खिलाड़ियों का चयन साकेत महाविद्यालय से हुआ।
समापन समारोह में सहायक नगर आयुक्त गुरु प्रसाद पांडेय मुख्य अतिथि रहे। क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष प्रो. प्रणय कुमार त्रिपाठी ने आभार जताया, जबकि संचालन अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. असीम त्रिपाठी ने किया। इस दौरान प्राचार्य प्रो. दानपति तिवारी, क्रीड़ा परिषद की सचिव डॉ. पूनम जोशी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।