00 - क्षेत्रीय पर्यटन कार्यालय का नया भवन- सूचना विभाग
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य राम लला के प्राण प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या विश्व पटल पर एक प्रमुख तीर्थ एवं पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित हो चुका है। पिछले दो वर्षों में यहां आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों की संख्या में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। इसी कड़ी में अयोध्या को इसी माह क्षेत्रीय पर्यटन कार्यालय भवन का नया तोहफा मिल सकता है। इसका निर्माण पूरा हो चुका है।
पर्यटन विभाग के अधिकारियों के अनुसार साकेत पेट्रोल पंप के पास लगभग 2 करोड़ 83 लाख रुपये की लागत से यह आधुनिक पर्यटन कार्यालय भवन बनाया गया है। यहां भूतल पर आगंतुकों के लिए वेटिंग रूम, रिसेप्शन काउंटर, पर्यटक सूचना केंद्र और बैठक कक्ष बनाए गए हैं। प्रथम तल पर क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए चैंबर, स्टाफ रूम और एक बड़ा कांफ्रेंस हॉल है। भवन में आधुनिक लाइट व सीसीटीवी कैमरे की भी विशेष व्यवस्था है।
जिला अधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि अब अयोध्या में एक और पर्यटन कार्यालय बनकर तैयार हो गया है। राम मंदिर दर्शन के बाद बड़ी संख्या में पर्यटक गाइड, होटल बुकिंग, होमस्टे और अन्य सुविधाओं की जानकारी लेने कार्यालय पहुंच सकते हैं। पर्यटकों को एक ही छत के नीचे सभी सुविधाएं मिल सकेंगी।