अयोध्या। रिकाबगंज स्थित मैदान में दूधिया रोशनी के बीच खेली जा रही स्व. अनित सिंह मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता में आरसीबी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए डॉमिनेटर को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि डेंटल सर्जन डॉ. रजनीश सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें खेल के साथ स्वस्थ रहने का संदेश दिया। खेले गए पहले मुकाबले में इलीट स्टार्स ने फ्रीडम क्लब को तीन विकेट से हराया। फ्रीडम क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 43 रन बनाए, जिसे इलीट स्टार्स ने आसानी से हासिल कर लिया।
दूसरे मुकाबले में डॉमिनेटर ने फाइटर क्लब को 13 रनों से पराजित किया। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में आरसीबी और डॉमिनेटर आमने-सामने हुए। डॉमिनेटर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 46 रन बनाए, जिसमें मोती (18) और सनी (16) ने योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी ने 6.3 ओवर में ही 6 विकेट से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बना ली।