अयोध्या। मौसम में बदलाव और ठंड की दस्तक के साथ ही श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में विराजमान रामलला की दैनिक सेवा और दिनचर्या में बदलाव कर दिया गया है। भगवान को ठंड से बचाने के लिए अब गुनगुने जल से स्नान कराया जा रहा है। वहीं, रात्रि शयन के समय उन्हें रजाई ओढ़ाई जा रही है। इसके साथ ही उनके वस्त्रों और राग-भोग में भी मौसम के अनुसार परिवर्तन किया गया है।
रामलला को अब दही का भोग नहीं लगाया जा रहा है। इसकी जगह पूड़ी, सब्जी, हलुवा और केसरयुक्त दूध सहित गर्म तासीर वाले खाद्य पदार्थ अर्पित किए जा रहे हैं। सुबह 4:30 बजे मंगला आरती के बाद रामलला का अभिषेक किया जाता है। ठंड को देखते हुए उनके वस्त्रों में भी बदलाव किया गया है। अब उन्हें मोटे सूती वस्त्रों से सजाया जा रहा है।
रामलला मंदिर में बालक स्वरूप में विराजमान हैं। इसलिए उनकी सेवा भी पांच वर्ष के बालक की तरह वात्सल्य भाव से की जाती है। मौसम के अनुसार स्नान, वस्त्र, भोजन और विश्राम की व्यवस्था में बदलाव इसी परंपरा का हिस्सा है।
अयोध्या के अन्य मठ-मंदिरों में भी ठंड को देखते हुए भगवान के विग्रह को रजाई ओढ़ाई जाने लगी है। साथ ही राग-भोग में भी बदलाव किया जा रहा है। कहीं गर्म दूध, हलुवा और मेवे का भोग लगाया जा रहा है तो कहीं मौसमी खाद्य पदार्थों को भगवान की सेवा में शामिल किया गया है।
महंत देवेंद्रप्रसादाचार्य ने बताया कि सनातन परंपरा में मंदिरों में विराजमान भगवान के विग्रह को केवल प्रतिमा नहीं, बल्कि साक्षात जीवंत स्वरूप मानकर सेवा की जाती है। जिस प्रकार घर में बच्चों और परिवार के सदस्यों को मौसम के अनुरूप सुविधाएं दी जाती हैं, उसी भाव से भगवान की भी सेवा होती है। मौसम बदलने पर उनकी दिनचर्या में बदलाव करना भक्तिभाव और सेवा परंपरा का महत्वपूर्ण अंग है।
महंत वैदेही बल्लभ शरण ने बताया कि भगवान की सेवा में ऋतु और समय का विशेष ध्यान रखा जाता है। गर्मी में शीतल वस्तुओं का भोग लगाया जाता है, जबकि सर्दियों में गर्म तासीर वाले पकवान अर्पित किए जाते हैं। भगवान के विग्रह की सेवा जीव स्वरूप में की जाती है। भगवान की सेवा में माता-पिता जैसा वात्सल्य भाव रहता है। उनकी दिनचर्या में बदलाव करना भक्तिभाव और सेवा परंपरा का महत्वपूर्ण अंग है।