तीर्थ क्षेत्र की ओर से बताया गया कि रामनवमी पर शयन आरती के बाद मंदिर निकास मार्ग पर प्रसाद मिलेगा। दर्शनार्थी अपना मोबाइल, जूता, चप्पल, बड़े बैग एवं प्रतिबंधित सामग्री आदि मंदिर से दूर सुरक्षित रखकर आएं। बताया कि वीआईपी दर्शन पर रोक एक दिन बढ़ा दी गई है अब 19 अप्रैल तक वीआईपी दर्शन पर रोक रहेगी। सुगम दर्शन पास, वीआईपी दर्शन पास, मंगला आरती पास, श्रृंगार आरती पास एवं शयन आरती पास नहीं बनेंगे।
16 व 18 अप्रैल को सुबह 6 बजे से होंगे दर्शन
राम मंदिर निर्माण के प्रभारी गोपाल राव ने बताया कि 16 और 18 अप्रैल को रामलला का दर्शन सुबह 6 बजे से ही शुरू हो जाएगा। अभी रामलला के दर्शन 6:30 बजे की श्रृंगार आरती के बाद शुरू होते हैं।
रामनवमी पर होगी खास सुरक्षा
राम नवमी के मौके पर अयोध्या में लगने वाले मेला और आने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के साथ ही उनकी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। इसके लिए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मिलकर तैयारी कर रहे हैं। इसी कड़ी में मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र की अध्यक्षता में शनिवार को लोकभवन में गृह विभाग समेत सभी संबंधित विभाग के अधिकारियों ने अयोध्या के रामनवमी मेले की तैयारियों की समीक्षा की।