अयोध्या। राम मंदिर ट्रस्ट को मिली संदिग्ध मेल की जांच तेज कर दी गई है। सुरक्षा एजेंसियों के अलावा राम मंदिर ट्रस्ट की आईटी टीम भी इस मेल की जांच करने में जुटी है। हालांकि ट्रस्ट, पुलिस व सुरक्षा से जुड़े अधिकारी इसको लेकर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। राम मंदिर ट्रस्ट ने इतना जरूर कहा है कि मंदिर की सुरक्षा अभेद्य है, परिसर के अंदर घुसपैठ संभव नहीं है।
मेल के जरिए तमिलनाडु के एक व्यक्ति की ओर से राम मंदिर की सुरक्षा के प्रति आगाह किया गया है। ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र ने बताया कि मेल की जांच ट्रस्ट की आईटी टीम कर रही होगी, उन्हें कुछ नहीं पता है। कहा कि परिसर की सुरक्षा को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है। राम मंदिर परिसर की सुरक्षा अभेद्य है। अत्याधुनिक उपकरणों का प्रयोग सुरक्षा के लिए किया जाता है। हर श्रद्धालु के सामानों की जांच होती है। ड्रोन प्रतिरोधी संयंत्र भी लगा है।
डॉ. अनिल ने बताया कि परिसर में कोई खतरा न हो इसके इंतजाम प्रदेश सरकार ने कर रखे हैं। केंद्र सरकार ने भी अपनी सुरक्षा एजेंसियां तैनात कर रखी है। सरयू के घाटों पर भी सुरक्षा के इंतजाम हैं। रक्षा तंत्र बेहद मजबूत है। ट्रस्ट समय-समय पर सुरक्षा के इंतजामों की समीक्षा करता है। वहीं सोमवार की देर रात पूरे मंदिर परिसर को सुरक्षा एजेंसियों की ओर से खंगाला गया। परिसर के आस-पास के इलाकों में भी जांच पड़ताल की गई है।