फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya News: राम ध्वज बना ब्रांड, खूब हो रही बिक्री

विज्ञापन
विज्ञापन
अयोध्या। श्रीराम मंदिर के साथ अब राम ध्वज भी आस्था और पहचान का नया प्रतीक बनता जा रहा है। रामलला के दर्शन के बाद श्रद्धालु अपने साथ राम ध्वज ले जाना आस्था की पूर्णता मान रहे हैं। यही वजह है कि राम ध्वज अब सिर्फ एक धार्मिक ध्वज नहीं, बल्कि आस्था का ब्रांड बन चुका है। दुकानदारों के अनुसार रोजाना पांच हजार से अधिक राम ध्वज की बिक्री हो रही है।
विज्ञापन

पिछले 25 नवंबर को राम मंदिर में ध्वजारोहण समारोह का आयोजन हुआ था। पीएम नरेंद्र मोदी ने जिस राम ध्वज को शिखर पर फहराया था वह कोई मामूली ध्वज नहीं था। कई शास्त्रों का अध्ययन करने के बाद उसका रंग-रूप तय किया गया था। भगवा रंग के ध्वज पर ॐ, सूर्य वंश के प्रतीक भगवान सूर्य व कोविदार वृक्ष प्रतीक रूप में स्थापित है। अब राम ध्वज अयोध्या में तेजी से बिक रहे हैं। देश के कोने-कोने से अयोध्या पहुंच रहे श्रद्धालुओं में राम ध्वज को लेकर खास उत्साह देखने को मिल रहा है। मंदिर परिसर के आसपास की दुकानों पर सुबह से देर रात तक राम ध्वज की खरीदारी जारी रहती है।

रामनगरी में करीब 200 से अधिक छोटी-बड़ी दुकानों पर ध्वज लहराते नजर आते हैं। दुकानदारों के अनुसार रोजाना पांच हजार से अधिक राम ध्वज की बिक्री हो रही है, जबकि विशेष दिनों में यह संख्या कहीं अधिक पहुंच जाती है। दुकानदार विजय साहू ने बताया कि अब तक ॐ, श्रीराम व हनुमान के चित्र अंकित ज्यादा बिक रहे थे, लेकिन ध्वजारोहण के बाद राम ध्वज की मांग बढ़ गई है। इसके अलावा राम परिवार अंकित ध्वज की मांग तेजी से बढ़ी है। कई भक्त इसे अपने घरों, मंदिरों, वाहनों और प्रतिष्ठानों पर लगाने के लिए खरीद रहे हैं।
विज्ञापन




ऑनलाइन ऑर्डर और थोक मांग में बढ़ोतरी



व्यापारी नंदलाल गुप्ता कहते हैं कि अब राम ध्वज सिर्फ अयोध्या तक सीमित नहीं है। यहां से खरीदे गए ध्वज उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक भेजे जा रहे हैं। ऑनलाइन ऑर्डर और थोक मांग में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। कई दुकानों को विशेष ऑर्डर पर बड़े आकार के ध्वज और बेहतर कपड़े में तैयार ध्वज बनवाने पड़ रहे हैं। उनके अनुसार राम मंदिर निर्माण के बाद यह पहली बार है जब किसी धार्मिक प्रतीक ने इतनी व्यापक व्यावसायिक पहचान बनाई है।





श्रद्धालु बोले-ध्वज के साथ अयोध्या की पावन ऊर्जा भी घर तक जाएगी

प्रयागराज से आए श्रद्धालु रमेश तिवारी राम ध्वज खरीद रहे थे। कहा कि रामलला के दर्शन के बाद राम ध्वज लेकर जाना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। ध्वज के साथ अयोध्या की पावन ऊर्जा भी हमारे घर तक जाएगी। महाराष्ट्र से आई श्रद्धालु सुनीता देशमुख ने कहा कि हम परिवार के साथ दर्शन करने आए हैं। राम ध्वज मन को छू गया। इसे घर के मंदिर में लगाएंगे, ताकि बच्चों को भी अपनी संस्कृति का बोध रहे। गुजरात से आए श्रद्धालु हर्ष पटेल ने 10 राम ध्वज खरीदे, बोले कि राम ध्वज अब सिर्फ झंडा नहीं, हमारी पहचान बन गया है। अयोध्या से लिया हुआ ध्वज खास होता है, इसलिए हमने अपने करीबियों के लिए भी खरीदा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें