अयोध्या। नवजात की बेहतर देखभाल, समय पर टीकाकरण और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए शुक्रवार को जिला महिला अस्पताल में नवजात शिशु सप्ताह मनाया गया। 15 से 21 नवंबर तक आयोजित सप्ताह के तहत अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम, रैली और अभिभावकों के लिए विशेष पहल की गई।
कार्यक्रम में अस्पताल से छुट्टी पाने वाले बच्चों के अभिभावकों ने पेरेंट प्लेज वॉल पर हस्ताक्षर कर संकल्प लिया कि वे शिशु को निर्धारित समय पर फॉलोअप के लिए अस्पताल लाएंगे। इसके साथ ही पेरेंट कंपेनियन क्यूआर कोड लगाया गया, जिसे स्कैन कर माता-पिता नवजात की देखभाल से जुड़ी जरूरी जानकारियां प्राप्त कर सकेंगे।
सीएमएस डॉ. विभा कुमारी ने बताया कि अभिभावकों को शिशु के लिए मां के दूध की महत्ता, समय पर स्तनपान कराने और निर्धारित समय पर टीकाकरण कराने के बारे में जानकारी दी। जागरूकता रैली निकालकर भी लोगों को नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया। इस दौरान अधीक्षक आशाराम, डॉ. सविता, डॉ. अरविंद, डॉ. बीपी सिंह, डॉ. अफरोज, डॉ. राकेश, डॉ. श्रुति, मैट्रन सुनीता, नमिता आदि मौजूद रहे।