अमानीगंज। उपचुनाव के लिए जैसे ही मतदान शुरू हुआ, पोलिंग बूथों पर लंबी-लंबी कतारें लग गई। मतदाताओं ने शायद यह ठान लिया था कि पहले मतदान फिर जलपान। प्रचार-प्रसार में जहां मतदाता खामोश रहे, वहीं मतदान के दौरान उनमें खासा उत्साह भी रहा।
विभिन्न आशंकाओं के मद्देनजर अल्पसंख्यक समुदाय के मतदाताओं ने सुबह होते ही वोट डालना शुरू कर दिया। अमानीगंज के घटौली, जयराजपुर, मोहम्मदपुर, महुआ, मंझनपुर, देवगांव, सिड़सिड़ आदि गांवों में अल्पसंख्यक समुदाय के मतदाताओं ने सुबह ही पोलिंग बूथों पर पहुंचना शुरू कर दिया। मतदान शुरू होने के कुछ ही देर बाद मुस्लिम महिलाओं की लंबी कतारें लग गई। 11 बजते-बजते विभिन्न बूथों पर अल्पसंख्यक समुदाय के अधिकांश मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग कर लिया।
अमानीगंज क्षेत्र के 5,000 से अधिक मतदाताओं के गांव मोहम्मदपुर में सुबह सात बजे अल्पसंख्यक समुदाय के मतदाता पोलिंग बूथ पर कतार में लग गए। सामान्य वर्ग के मतदाता सुबह इक्का-दुक्का ही दिखाई पड़े। इनकी संख्या में 10 बजे के बाद ही इजाफा हुआ। दोपहर दो बजते-बजते बूथों पर सन्नाटा छा गया। इसके बाद मतदान की गति धीमी हो गई और इक्का-दुक्का मतदाता ही बूथ पर नजर आए।