सोहावल/तारुन। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोहावल परिसर में रविवार को पल्स पोलियो अभियान शुरू हुआ। प्रभारी डॉ. आकांक्षा वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित अभियान में बीकापुर विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर शुभारंभ किया।
विधायक डॉ. चौहान ने कहा कि पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के लिए अभिभावकों को खुराक अवश्य पिलानी चाहिए। प्रभारी आकांक्षा वर्मा ने बताया कि निर्धारित तिथियों पर घर-घर जाकर भी दवा पिलाई जाएगी। आशा कार्यकर्ताओं सरिता, सालनी और रेनू ने स्टाफ कर्मियों के साथ विधायक का स्वागत किया।
तारुन में 12,539 बच्चों को पिलाई खुराक
तारुन। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत पहले दिन 109 बूथों पर 12,539 बच्चों को खुराक पिलाई गई। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अंशुमान गुप्ता ने बताया कि लक्षित 28,252 बच्चों में से बचे हुए बच्चों को 29 जून से घर-घर जाकर दवा पिलाई जाएगी। अभियान तीन जुलाई तक चलेगा। इसके लिए 65 टीम, 2 मोबाइल व 3 ट्रांजिट टीम के साथ 210 वैक्सीनेटर तैनात हैं। निगरानी को 24 पर्यवेक्षक लगाए गए हैं।