साकेत महाविद्यालय के पास रामपथ पर सड़क जाम कर रहे विद्यार्थियों से बातचीत करते पुलिसकर्मी।
- फोटो : संवाद
अयोध्या। डाॅ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की स्नातक व परास्नातक सेमेस्टर परीक्षा शुक्रवार से तीन पालियों में शुरू होकर नौ जुलाई तक चलेगी। शिक्षक संघ और विद्यार्थियों के तमाम विरोध के बावजूद विवि प्रशासन अपने फैसले पर कायम है। बृहस्पतिवार को भी साकेत कॉलेज में विद्यार्थियों ने परीक्षा के विरोध में नारेबाजी करते हुए जुलूस निकालकर रामपथ को जाम कर दिया, लेकिन परीक्षा टालने में उनकी ये कोशिश भी काम नहीं आई। वहीं विवि प्रशासन की ओर से अंतिम सूचना जारी कर परीक्षा कार्यक्रम की जानकारी दी गई है।
विवि प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार परीक्षा के लिए विश्वविद्यालय से संबद्ध सात जिलों में कुल 464 केंद्र बनाए गए हैं। स्नातक व परास्नातक में कुल 5,35, 654 परीक्षार्थी शामिल होंगे। विवि के परीक्षा नियंत्रक उमानाथ ने बताया कि 31 मई से परीक्षाएं तीन पालियों में शुरू हो रही हैं। इसके लिए तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। स्नातक की परीक्षा में 4,36,348 परीक्षार्थी शामिल होंगे। वहीं 21 जून से परास्नातक स्तर की परीक्षा शुरू होगी। इनमें 99,306 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
उन्होंने बताया कि एनईपी की स्नातक बीए, बीएससी व बीकाॅम द्वितीय सेमेस्टर परीक्षा सुबह 07:00 बजे से 09:00 बजे तक, द्वितीय पाली की परीक्षा 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और तृतीय पाली की परीक्षा दोपहर 02:00 से 04:00 बजे तक सम्पन्न होगी। परीक्षा की शुचिता के लिए पांच सचल दल का गठन कर दिया गया है। इसके अलावा विश्वविद्यालय के कंट्रोल रूम से परीक्षा केंद्रों के सीसीटीवी कैमरे की निगरानी की जाएगी।
साकेत कॉलेज में छात्रों ने निकाला जुलूस, रामपथ किया जाम
परीक्षा को लेकर बीते एक माह से चल रहे हाई वोल्टेज ड्रामा में साकेत कॉलेज की भूमिका अहम रही है। बुधवार तक यहां के शिक्षक परीक्षा कराने के लिए तैयार नहीं थे। लेकिन क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी का पत्र आने के बाद हालात सामान्य हो गए। यहां दो केंद्राध्यक्षों ने कार्यभार ग्रहण करने तक से मना कर दिया था। इसके बाद बृहस्पतिवार को प्राचार्य प्रो. अभय सिंह ने ये जिम्मेदारी ली। परीक्षा कराने की जानकारी मिलते ही यहां के छात्र विरोध पर उतर आए। सुबह से ही छात्रों ने चीफ प्रॉक्टर प्रो. अनिल सिंह और प्राचार्य के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे। कॉलेज परिसर में जुलूस निकालकर रामपथ को थोड़ी देर के लिए जाम कर दिया। पुलिस ने समझाकर रास्ता जाम खत्म करा दिया।