68-पुलिस की गिरफ्त में आरोपी रोहित
अयोध्या। न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार ले जाते समय पुलिस लाइन के पास से फरार हुए बंदी रोहित को पुलिस ने थोड़ी ही देर में पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, रोहित लघुशंका के लिए वाहन से उतरा और मौका पाकर झाड़ियों में जाकर छिप गया। रविवार शाम करीब 6:30 बजे बंदी के फरार होने की सूचना वायरलेस पर प्रसारित की गई।
पुलिस के अनुसार, बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के जोहन गांव निवासी रोहित को इसी वर्ष नाबालिग लड़की को भगाने के मामले में गिरफ्तार किया गया था। उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है और वह जेल में निरुद्ध था। रविवार को उसे स्पेशल रिमांड मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार ले जाया जा रहा था।
पुलिस लाइन के पास वाहन रुकने पर रोहित लघुशंका के लिए उतरा। इसी दौरान वह मौका पाकर झाड़ियों में जाकर छिप गया। वायरलेस पर सूचना प्रसारित होने के बाद रिवाबगंज चौकी प्रभारी चंद्र मोहन शुक्ला समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने उसकी तलाश शुरू की। कुछ ही देर में पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी ने बताया कि बंदी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया था। थोड़ी ही देर में उसे पकड़ लिया गया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।