भेलसर। रुदौली कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत लखनऊ-अयोध्या मार्ग पर स्थित नवीन सब्जी मंडी के सामने अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक प्रधानाध्यापक की मौत हो गई, जबकि अध्यापिका घायल हो गईं। घटना बृहस्पतिवार की दोपहर की है।
साकेतपुरी फैज़ाबाद निवासी अनूप कुमार मिश्र (52) प्राथमिक विद्यालय सरायपीर के प्रधानाध्यापक और रानोपाली अयोध्या निवासी प्रीति मौर्या (35 ) वहीं पर सहायक अध्यापिका हैं। बृहस्पतिवार को छुट्टी के बाद दोनों लोग बाइक पर सवार होकर अपने घर जाने के लिए निकले थे। राष्ट्रीय राजमार्ग पार करने के दौरान अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों राजमार्ग के किनारे जा गिरे।
घटना को देख मंडी पर मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान सड़क से गुजर रहे रुदौली विधायक रामचंद्र यादव भी रुक गए और घायल प्रधानाध्यापक व सहायक अध्यापिका को उपचार के लिए सीएचसी रुदौली भिजवाया। जहां चिकित्सक सपना ने प्रधानाध्यापक अनूप कुमार मिश्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल सहायक अध्यापिका प्रीति मौर्या की हालत चिंताजनक देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रुदौली कोतवाली के उपनिरीक्षक आशीष सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।