अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय व प्रधानमंत्री जन औषधि के मध्य एमओयू किया गया। विश्वविद्यालय के कौटिल्य प्रशासनिक भवन के सभागार में विवि की कुलपति प्रो. प्रतिभा गोयल व जन औषधि के पुष्कल रस्तोगी के बीच परिसर में गुणवत्तापूर्ण एवं सस्ती दवाओं की उपलब्धता के लिए अनुुबंध किया गया। इससे पहले कुलसचिव उमानाथ व जन औषधि के प्रतिनिधि के मध्य अनुबंध पत्र पर हस्ताक्षर किए गए।
कुलपति प्रो़ गोयल ने बताया कि राज्य विश्वविद्यालय की कुलाधिपति एवं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से सभी को सस्ती व गुणवत्तापूर्ण दवाइयां मिल सकें, इसके लिए प्रधानमंत्री जन औषधि के बीच एमओयू किया गया। विश्वविद्यालय परिसर में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र की स्थापना की जाएगी, जिससे विद्यार्थियों, शिक्षकों, अधिकारियों व कर्मचारियों को किफायती दरों पर दवाइयां उपलब्ध हो सकेंगी।
जन औषधि के पुष्कल रस्तोगी ने एमओयू को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। विश्वविद्यालय की स्वास्थ्य चिकित्सा केंद्र की प्रभारी प्रो. दीप शिखा चौधरी ने बताया कि गुणवत्तापूर्ण जैनेरिक दवाइयां उपलब्ध होने से सभी को लाभ होगा। इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. नीलम पाठक, जन औषधि के आरपी मिश्रा, जनसंपर्क अधिकारी आशीष मिश्र व अन्य मौजूद रहे।