मया बाजार। पंचायत चुनाव समय से कराने और कार्यकाल बढ़ाने की मांग को लेकर अखिल भारतीय प्रधान संगठन की मया बाजार ब्लाॅक इकाई ने सोमवार को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सहायक विकास अधिकारी पंचायत सुनील कुमार को सौंपा। ब्लाॅक के अटल सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न गांवों के प्रधानों के साथ ही जिला अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने भागीदारी निभाई।
जिला अध्यक्ष ने कहा कि लगभग डेढ़ से दो वर्षों तक गांव का विकास कार्य बाधित रहा। इससे योजनाओं का लाभ ग्राम पंचायतों को पूर्ण रूप से नहीं मिल सका। समाप्त हो रहे कार्यकाल को देखते हुए या तो चुनाव समय से करवाने अथवा कार्यकाल का विस्तार या फिर प्रशासक के रूप में वर्तमान प्रधानों को ही नियुक्ति किए जाने की मांग उठाई। संचालन सुभाष शुक्ला ने किया। मौके पर ब्लाॅक अध्यक्ष केसरी प्रसाद यादव, सती प्रसाद वर्मा, चंद्र भूषण सिंह, सिम्मी ओझा, शशिप्रभा सिंह, संतोष सिंह, अशोक पांडेय, चंद्रभान वर्मा, अखिलेश सिंह, अविनाश सिंह आदि मौजूद रहे।