अयोध्या। खराब मौसम के बीच सोमवार रात से शहर की बिजली व्यवस्था चरमरा गई। कई इलाकों में फाल्ट, तार टूटने, पोल झुकने और ट्रांसफार्मर मरम्मत के कारण घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही। कई क्षेत्रों में रात से गुल बिजली दोपहर तक बहाल नहीं हो सकी, जबकि कई जगह बार-बार ट्रिपिंग से लोग परेशान रहे।
नियावां उपकेंद्र के रेतिया क्षेत्र में वाल्मीकि मंदिर के पास 11 हजार वोल्ट का पोल झुकने से एबीसी केबल में आग लग गई, जिससे शिवपुरी फीडर बंद करना पड़ा। एक घंटे बाद आपूर्ति सामान्य हुई, लेकिन नयापुरवा वाल्मीकि मंदिर से रेतिया पुल तक बिजली बाधित रही।
कौशलपुरी उपकेंद्र के टीपी नगर फीडर में सुबह ब्रेकडाउन हुआ। पहले तकनीकी खराबी और बाद में लाइन का तार टूटने की पुष्टि हुई। मरम्मत के बाद दो घंटे में आपूर्ति बहाल हुई। छावनी और जनौरा गांव में ट्रांसफार्मर मरम्मत के चलते दोपहर तक बिजली प्रभावित रही।
देवकाली उपकेंद्र के धनीराम का पुरवा में मंगलवार सुबह पांच बजे बिजली चली गई, जो करीब 10 बजे बहाल हुई। कॉलोनी के अमित शर्मा ने बताया कि दिनभर ट्रिपिंग से घरेलू कामकाज प्रभावित रहा। वहीं, मुमताज नगर उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्रों में भी रात से बिजली संकट बना रहा।