सोहावल। बरसात भर जान जोखिम में डालकर नाव के सहारे सोहावल से नवाबगंज गोंडा की ओर जाने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। सरयू नदी के कटान स्थल पर पीपे का पुल बनकर तैयार हो चुका है। पुल से छोटे वाहनों का आवागमन शुरू करा दिया गया है। बड़े और लोड वाहनों को सूखी नदी के बीच से होकर कच्चे रास्ते ही गुजरना होगा।
गोंडा प्रशासन की पहल पर लोक निर्माण विभाग ने बरसात से पहले उखाड़े गए पीपा पुल को फिर से तैयार कर दिया है। अलग-अलग दो लेन में बनाए गए हैं। रविवार से पुल से दो पहिया वाहन और बैटरी रिक्शा सहित छोटे वाहनों का आवागमन शुरू हो गया।
गौरतलब है कि ढेमवा पुल से आगे की सड़क तीन वर्ष पहले कटकर नदी में विलीन हो गई थी। नदी के बीच कच्चे रास्तों से ही लोगों का आना-जाना होता था। बरसात में पानी बढ़ने पर इस पार से उस पार जाने के लिए लोगों को नाव का सहारा लेना पड़ रहा था। अब पुल बनने से आवाजाही में आसानी हो गई है।