अयोध्या। सहादतगंज स्थित राजकीय पॉलीटेक्निक के विद्यार्थियों को इलेक्ट्रिक वाहन तकनीक की प्रायोगिक जानकारी देने के लिए टाटा की ओर से एक इलेक्ट्रिक चार पहिया वाहन उपलब्ध कराया गया है। वाहन का इस्तेमाल प्रशिक्षण और प्रयोगशाला अभ्यास में किया जाएगा।
विद्यार्थियों को बैटरी, इलेक्ट्रिक मोटर, पावर इलेक्ट्रॉनिक्स, कंट्रोल सिस्टम, चार्जिंग व्यवस्था और वायरिंग की कार्यप्रणाली समझाई जाएगी। इसके साथ ही वाहन के विभिन्न सिस्टम में खराबी की पहचान और रखरखाव का अभ्यास भी कराया जाएगा।
पेट्रोल-डीजल वाहनों की तुलना में इलेक्ट्रिक वाहनों की संरचना अलग होती है। इनमें इंजन और पारंपरिक ट्रांसमिशन के बजाय बैटरी, मोटर और इलेक्ट्रॉनिक नियंत्रण प्रणाली प्रमुख भूमिका निभाती हैं। ऐसे में वास्तविक वाहन पर प्रशिक्षण विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा और रोजगार की जरूरतों से जोड़ने में मदद करेगा।
कार्यवाहक प्राचार्य प्रीतम वर्मा ने बताया कि ईवी वाहन मिलने से विद्यार्थियों को सिस्टम को करीब से देखने, उसकी कार्यप्रणाली समझने और तकनीकी समस्याओं पर व्यावहारिक अभ्यास का अवसर मिलेगा। टाटा टेक्नोलॉजीज के सहयोग से संस्थान में उद्योग आधारित प्रशिक्षण को बढ़ावा दिया जा रहा है।
पॉलीटेक्निक में विकसित हो रहा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस
टाटा टेक्नोलॉजीज के सहयोग से करीब 7.06 करोड़ रुपये की लागत से पॉलीटेक्निक में तीन मंजिला सेंटर ऑफ एक्सीलेंस विकसित किया जा रहा है। यहां विद्यार्थियों को रोबोटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी उभरती तकनीकों पर प्रयोग का अवसर मिलेगा। आधुनिक लैब और तकनीकी वर्कशॉप के जरिये प्रशिक्षण को अधिक व्यावहारिक बनाया जाएगा।