38-सर्किट हाउस में पत्रकारों से वार्ता करते मंत्री संजय निषाद।-संवाद
अयोध्या। भदरसा दुष्कर्म मामले में मोईद खान के अदालत से बरी होकर जेल से रिहा होने के बाद सियासत गरमा गई है। प्रदेश के मत्स्य मंत्री संजय निषाद ने सोमवार को पीड़िता की मां से मुलाकात कर न्याय का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि मामले में उच्च न्यायालय में मजबूती से पैरवी की जाएगी।
सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान संजय निषाद ने बताया कि निचली अदालत से मोईद खान को राहत मिली है लेकिन पीड़िता उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटा रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि उच्च न्यायालय में पूरी मजबूती से पैरवी की जाएगी और प्रयास होगा कि आरोपी को दोबारा जेल भेजा जाए। इस मामले में मोईद खान के नौकर राजू खान को पहले ही 20 साल की सजा सुनाई जा चुकी है, जिससे यह साबित होता है कि मामला गंभीर है और न्याय की लड़ाई अभी बाकी है।
उन्होंने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। कहा कि अखिलेश यादव की ओर से मोईद खान से बातचीत किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। आरोप है कि जेल से रिहाई के बाद सपा के पूर्व मंत्री पवन पांडेय भदरसा स्थित मोईद खान के आवास पहुंचे थे। उन्होंने मोबाइल पर अखिलेश यादव से मोईद खान की बात कराई। उन्होंने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यह न्याय के सिद्धांतों के खिलाफ है। पीड़िता निषाद समुदाय से है। इसलिए समाज को न्याय की इस लड़ाई में उसके साथ खड़ा होना चाहिए। उन्होंने समुदाय से पीड़िता को हर संभव सहायता प्रदान करने का आह्वान किया। मंत्री ने दोहराया कि सरकार पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।