40-डाभासेमर स्टेडियम परिसर में जीत के लिए अंक लेने की जद्दोजहद करते खिलाड़ी।-संवाद
अयोध्या। डॉ. भीमराव अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा परिसर में आयोजित जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में मंगलवार को पाइरेट्स टीम ने पिंक प्लेयर्स को रोमांचक मुकाबले में हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। पूरे मैच के दौरान खिलाड़ियों का जोश और दर्शकों का उत्साह देखने लायक रहा।
हर रेड और टैकल पर मैदान तालियों और उत्साहवर्धन से गूंजता रहा, जिससे मुकाबला और भी रोमांचक बन गया। मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया। पिंक प्लेयर्स के रेडरों ने शुरुआती बढ़त बनाने की कोशिश की, लेकिन पाइरेट्स के डिफेंडरों ने शानदार चेन टैकल करते हुए मैच में वापसी कर ली। दूसरे हाफ में पाइरेट्स के रेडर ने लगातार अंक जुटाए और टीम को निर्णायक बढ़त दिला दी। अंतिम मिनटों में पिंक प्लेयर्स ने वापसी का प्रयास किया, मगर पाइरेट्स की मजबूत पकड़ के आगे उनकी रणनीति सफल नहीं हो सकी। मैच समाप्त होने के बाद खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया गया। प्रशिक्षक लाल शुक्ल ने बताया कि इस तरह की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को मैच का अनुभव देने के साथ उनकी फिटनेस और आत्मविश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए नियमित प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।