आईसीयू में भर्ती मरीज को सुरक्षाकर्मियों ने डंडों से पीटा
-जिला अस्पताल के आईसीयू में चोट लगने पर सोमवार की शाम भर्ती हुआ था मरीज
-मारपीट में आई चोटें दिखाकर मरीज ने घंटों किया हंगामा, परिजनों ने कराया रेफर
फोटो-1, 2
संवाद न्यूज एजेंसी
अयोध्या। जिला अस्पताल में चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मियों ने मंगलवार को संवेदनहीनता की सारी हदें पार कर दीं। आईसीयू में भर्ती एक मरीज को सुरक्षाकर्मियों ने डंडों से पीट दिया। उनके चंगुल से छूटकर मरीज ने अस्पताल परिसर में चिल्ला-चिल्लाकर मारपीट में आई चोटें दिखाईं। बाद में परिजनों ने उसे अस्पताल से रेफर करवा लिया। वहीं, जिला अस्पताल प्रशासन ने शराब के नशे में मरीज पर अभद्रता का आरोप लगाया है।
रौनाही थाना क्षेत्र के सुरवारी लच्छन तिवारी का पुरवा निवासी राहुल तिवारी पहले से किडनी के मरीज हैं। किन्हीं कारणों से चोट लगने पर वह सोमवार शाम जिला अस्पताल के आईसीयू में एक भाजपा नेता की पैरवी पर भर्ती हुए थे। मंगलवार सुबह किसी बात को लेकर अस्पताल में संविदा पर रखे गए सुरक्षाकर्मियों ने डंडों से पीट दिया। इसके बाद घसीटकर अस्पताल से बाहर ले आए।
बाहर जमा मीडियाकर्मियों को देखकर रोते-बिलखते हुए मरीज ने आपबीती सुनाई तो अस्पताल के स्टाफ व सुरक्षाकर्मी वहां से भाग खड़े हुए। कर्मचारियों की ओर इशारा करते हुए मरीज ने सब पर गंभीर आरोप लगाए और रो-रोकर सरकारी व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए काफी देर तक हंगामा किया। आरोप लगाया कि हाथ में चोट लगने पर उसने इंजेक्शन लगाने को कहा। इसके बाद उससे मारपीट की गई। उसने मारपीट में आई चोटें भी मीडियाकर्मियों को दिखाईं। इस दौरान अस्पताल परिसर में काफी देर तक गहमा-गहमी होने से पुलिस को भी सूचना दी गई। मौके पर पहुंची रिकाबगंज चौकी की पुलिस मरीज को अपने साथ ले गई। बाद में मरीज के चाचा उसे रेफर कराकर दूसरे अस्पताल ले गए।
प्रभारी निरीक्षक अश्विनी पांडेय ने बताया कि मरीज से मारपीट का मामला संज्ञान में आया है। तहरीर मिलने पर संबंधित के खिलाफ केस दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी। कहा कि अस्पताल में कोई भी मरीज अपनी परेशानी लेकर ही भर्ती होता है। ऐसे में चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मियों को उसकी मदद करना चाहिए। किसी भी स्थिति में डायल 112 या स्थानीय पुलिस की सहायता लें, कानून व्यवस्था अपने हाथ में न लें।
बॉक्स
शराब के नशे में अभद्रता कर रहा था मरीज : प्रमुख अधीक्षक
-जिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. उत्तम कुमार ने बताया कि मरीज के शराब के नशे में स्टाफ नर्स से अभद्रता कर रहा था। बाद में पब्लिक से भी गाली-गलौज करने लगा तो पब्लिक ने उसकी पिटाई कर दी। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।