अयोध्या। गर्मी की छुट्टियों में बाहर घूमने की योजना बना रहे यात्रियों के लिए इस बार रेल यात्रा आसान नहीं रह गई है। कन्फर्म टिकट के लिए यात्रियों को लंबी जद्दोजहद करनी पड़ रही है। अयोध्या से मुंबई, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, देहरादून और चेन्नई जाने वाली अधिकतर ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है। कई ट्रेनों में नो रूम की स्थिति भी है।
अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन के आरक्षण केंद्र पर सुबह 6-7 बजे से ही यात्रियों की लंबी लाइनें लग रही हैं। लोग घंटों खड़े रहकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। अब अधिकतर लोग तत्काल टिकट के भरोसे ही यात्रा की उम्मीद लगाए हुए हैं।
अयोध्या के यात्री विशाल कुमार ने बताया कि उन्हें चेन्नई जाना था। इसके लिए वह सुबह 7 बजे से लाइन में लगे रहे। काउंटर 10 बजे खुला और करीब 11:40 बजे उन्हें मुश्किल से टिकट मिल सका। पांच घंटे लाइन में खड़े रहने के बाद टिकट मिला, लेकिन कई लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा। वहीं, मोहबरा के निवासी आरिफ ने बताया कि परिवार के साथ मुंबई जाने के लिए चार टिकट चाहिए, तीन घंटे से फॉर्म लिए खड़े हैं। उम्मीद नहीं है कि टिकट मिलेगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त कोच जोड़ा जाता है।
अयोध्या से गुजरने वाली ट्रेनों में वेटिंग (25-28 अप्रैल)
साकेत एक्सप्रेस (मुंबई) - वेटिंग 72
अयोध्या एक्सप्रेस - वेटिंग 110+
कैफियत एक्सप्रेस - वेटिंग 75+
कोलकाता-जम्मू तवी एक्सप्रेस -वेटिंग 90+
रामेश्वरम एक्सप्रेस - वेटिंग 70+