कबड्डी प्रतियोगिता में अंक लेने के बाद अपने पाले की ओर जाती खिलाड़ी व उसे रोकने का प्रयास करती
अयोध्या। डाभासेमर स्टेडियम में मंगलवार सुबह 11 बजे अस्मिता लीग का उद्घाटन हुआ। इस एक दिवसीय खेल प्रतियोगिता में कबड्डी और टेबल टेनिस के रोमांचक मुकाबले खेले गए। महिला खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कबड्डी में तारुन ने नंसा की टीम को हराकर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता का समापन शाम को पुरस्कार वितरण के साथ हुआ।
कबड्डी प्रतियोगिता में शहर और ग्रामीण क्षेत्र की लगभग छह टीमों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इन टीमों के बीच कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। पहला मुकाबला एमबी पब्लिक स्कूल और पानी संस्थान हैदरगंज के बीच हुआ, जिसमें पानी संस्थान हैदरगंज विजयी रहा। दूसरा मुकाबला पानी संस्थान नंसा और बापू बालिका इंटर कॉलेज के मध्य खेला गया, जिसमें पानी संस्थान नंसा ने जीत दर्ज की। तीसरे मुकाबले में पानी संस्थान तारुन ने पानी संस्थान हैदरगंज को हराकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। चौथे मुकाबले में पानी संस्थान नंसा ने स्पोर्ट्स स्टेडियम डाभासेमर को पराजित कर अगले दौर में जगह बनाई। अंत में, फाइनल मुकाबला पानी संस्थान तारुन और पानी संस्थान नंसा के बीच हुआ। इस कड़े मुकाबले में पानी संस्थान तारुन 4 अंकों से विजेता बना और पानी संस्थान नंसा उपविजेता रहा।
टेबल टेनिस एकल मुकाबले
टेबल टेनिस प्रतियोगिता में एकल वर्ग के मुकाबले भी हुए। आयु वर्ग 15 से कम में लक्ष्मी विजेता और अंशू उपविजेता रहीं। आयु वर्ग 17 से कम में सालिनी ने जीत हासिल की, जबकि अंशू उपविजेता बनीं। आयु वर्ग 19 से कम में सालिनी विजेता रहीं और नेहा उपविजेता बनीं। इन मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
टेबल टेनिस टीम मुकाबले
टीम वर्ग में भी खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयु वर्ग 17 से कम में सालिनी और नाजिया की टीम विजेता बनी। अंशू और लक्ष्मी की टीम उपविजेता रही। आयु वर्ग 19 से कम में श्रेया और नेहा की टीम ने जीत दर्ज की। पवित्रा और गुड़िया की टीम उपविजेता बनी। यह प्रतियोगिता महिला खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हॉकी संघ के अध्यक्ष डॉ. संजय तिवारी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। विशिष्ट अतिथि प्रधानाचार्य रूही पाल ने भी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। जिला ओलंपिक संघ के सचिव परमेंद्र सिंह ने बताया कि ऐसे आयोजन आगे भी जारी रहेंगे। प्रशिक्षक रोहित त्रिपाठी, आकृति श्रीवास्तव और बिंदु यादव भी इस दौरान मौजूद रहे।